हेलीकॉप्टर से गिराए जा रहे राहत पैकेट की चपेट में आने से बाढ़ पीड़ित अनिल सिंह की मौत हो गई। जानिए पूरी घटना और राहत वितरण व्यवस्था पर उठ रहे सवालों के बारे में


सारण। बिहार के सारण जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के अमनौर प्रखंड अंतर्गत परशुरामपुर गांव में बाढ़ पीड़ितों के बीच हेलीकॉप्टर से गिराए जा रहे राहत पैकेट की चपेट में आने से एक 58 वर्षीय अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है और प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, परशुरामपुर गांव बाढ़ की विभीषिका झेल रहा है। पीड़ितों तक जल्द से जल्द मदद पहुंचाने के लिए सरकारी हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री गिराई जा रही थी। हेलीकॉप्टर करीब 70 से 80 फीट की ऊंचाई से राहत पैकेट नीचे गिरा रहा था।

जैसे ही हेलीकॉप्टर से पैकेट नीचे गिरने लगे, वहां मौजूद बाढ़ पीड़ितों के बीच राहत सामग्री पाने के लिए अफरातफरी और भगदड़ जैसी स्थिति मच गई। इसी आपाधापी के दौरान राहत सामग्री का एक भारी पैकेट सीधे स्थानीय निवासी 58 वर्षीय अनिल कुमार सिंह, पुत्र स्व. बृजकिशोर सिंह के सिर और छाती पर आ गिरा।

पैकेट के सीधे सिर और छाती पर गिरने से अनिल कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत उन्हें एक निजी चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

इस अचानक हुए हादसे ने मृतक के परिवार को तोड़कर रख दिया है। घर के कमाऊ सदस्य की इस तरह अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पदाधिकारी, डीसीएलआर, अंचल अधिकारी के प्रतिनिधि और अन्य प्रशासनिक अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इस दुर्घटना ने आपदा प्रबंधन और राहत वितरण के दौरान सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि यदि प्रशासन द्वारा जमीन पर सुरक्षित तरीके से राहत सामग्री बांटी जाती या सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाते, तो एक बेकसूर की जान नहीं जाती। इस लापरवाही को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।


सुझाव व शिकायत के लिए करें संपर्क

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

Mobile- 8987259822