राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी (RJP) के अध्यक्ष शेर सिंह राणा ने लखनऊ में 2027 UP और उत्तराखंड विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया। पार्टी पश्चिमी UP की 100 सीटों पर उम्मीदवार उतारेगी।

 

 कंचन क्रांति ब्यूरो, लखनऊ/रायबरेली।

 

वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में 'राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी' (RJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेर सिंह राणा ने लखनऊ में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान अपनी चुनावी तैयारियों और रणनीति का खुलासा किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी आगामी चुनावों में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी और इसका मुख्य लक्ष्य भारतीय जनता पार्टी (BJP) को सत्ता में आने से रोकना है।

 

शेर सिंह राणा ने बताया कि RJP उत्तर प्रदेश की लगभग 100 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी, जिनमें से अधिकांश सीटें पश्चिमी उत्तर प्रदेश की होंगी। इसके अलावा पार्टी उत्तराखंड के हरिद्वार परिक्षेत्र सहित अन्य सीटों पर भी मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश और हरियाणा में पार्टी के पास 7 जिला पंचायत सदस्य हैं और अब उनका लक्ष्य विधानसभा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराना है। राणा ने कहा कि पार्टी को मिल रहा जनसमर्थन अब ऐसा है जो चुनावों के गणित को सीधे प्रभावित कर सकता है।

 

गठबंधन के सवाल पर RJP अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी BJP को हराने के उद्देश्य से बनने वाले किसी भी गठबंधन का हिस्सा बनने को तैयार है, बशर्ते उन्हें सम्मानजनक सीटें दी जाएं। उन्होंने उत्तराखंड में कांग्रेस के साथ गठबंधन की इच्छा जताई, लेकिन यह भी स्पष्ट किया कि सहमति न बनने पर पार्टी अकेले या अन्य विकल्पों पर विचार कर चुनाव लड़ेगी।

 

प्रेस वार्ता के दौरान शेर सिंह राणा ने केंद्र सरकार और उसकी नीतियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार अन्य जातियों के वोटों के लालच में अपने मूल आधार (सवर्ण वर्ग) की उपेक्षा कर रही है। राणा ने आह्वान किया कि समान विचारधारा वाले राजनीतिक दलों को एक मंच पर आकर BJP के खिलाफ एक मजबूत विकल्प खड़ा करना चाहिए।



                     रिपोर्ट – रविशंकर सिंह



...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822