औरैया में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर सौरभ बाजपेई ने फेसबुक लाइव पर पुलिस और कर्मचारी सर्वेश पर गंभीर आरोप लगाते हुए यमुना नदी में छलांग लगा दी। पुलिस और गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी। पूरी खबर पढ़ें।

कंचन क्रांति ब्यूरो, वाराणसी।

उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से एक बेहद झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक निजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर ने फेसबुक लाइव आकर अपनी पीड़ा बयां की और फिर यमुना नदी के पुल से मौत की छलांग लगा दी। नदी में कूदने से पहले डॉक्टर एक के बाद एक, चार बार फेसबुक पर लाइव आए। सोशल मीडिया पर अब यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें डॉक्टर का दर्द और बेबसी साफ देखी जा सकती है।

'जातिवाद के चलते नहीं हुई कार्रवाई...' फेसबुक लाइव में छलका दर्द

मूल रूप से लखीमपुर खीरी के रहने वाले डॉ. सौरभ बाजपेई पिछले तीन वर्षों से औरैया शहर के रामऔतार अस्पताल में सेवाएं दे रहे थे। वायरल वीडियो में बेहद भावुक दिख रहे डॉ. सौरभ ने रोते हुए पुलिस प्रशासन और सिस्टम पर गंभीर आरोप लगाए।

उन्होंने बताया , अस्पताल के एक कर्मचारी सर्वेश ने मेरे साथ मारपीट की थी। जब मैं न्याय के लिए सदर कोतवाली पहुंचा, तो आरोपी सर्वेश और तत्कालीन थाना प्रभारी (SHO) एक ही जाति के होने के कारण पुलिस ने मेरी एक न सुनी। मुझ पर लगातार सुलह करने का दबाव बनाया जा रहा है। मैं अब टूट चुका हूँ और खुदकुशी करने जा रहा हूँ। मेरी मौत का जिम्मेदार सिर्फ सर्वेश होगा।

युवक से लिफ्ट लेकर पहुंचे पुल, फिर लगा दी छलांग

फेसबुक लाइव पर अपनी आपबीती सुनाने के बाद डॉ. सौरभ बाजपेई ने एक राहगीर से मोटरसाइकिल पर लिफ्ट ली और यमुना पुल पहुंच गए। वहां पहुंचते ही उन्होंने बिना वक्त गंवाए नदी में छलांग लगा दी।

जैसे ही पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना मिली, हड़कंप मच गया। आनन-फानन में स्थानीय पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं।

जांच में जुटी पुलिस, गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और पीएसी (PAC) के गोताखोरों को तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन में लगाया गया। खबर लिखे जाने तक डॉक्टर की तलाश जारी थी।

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक मिश्रा ने बताया: प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि चिकित्सक अस्पताल में हुई मारपीट की घटना और उसके बाद की परिस्थितियों से काफी आहत थे। डॉक्टर के वायरल वीडियो, मारपीट के आरोपों और सभी संबंधित तथ्यों को जांच के दायरे में शामिल कर लिया गया है। पुलिस पूरी गहनता से मामले की जांच कर रही है और डॉक्टर की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार चलाया जा रहा है।


(नोट: कंचन क्रांति वायरल वीडियो के दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है, यह पूरी तरह पुलिस जांच का विषय है।)

.......................................................................................................................................

औरैया डॉक्टर सुसाइड, डॉ. सौरभ बाजपेई फेसबुक लाइव, डॉक्टर यमुना में कूदा, औरैया पुलिस, रामऔतार अस्पताल औरैया, Auraiya Doctor News, Dr Saurabh Bajpai Facebook Live, Yamuna River Jump Doctor