गोरखपुर में सोशल मीडिया रील बनाने के लिए सर्किट हाउस के पास युवकों ने बीच सड़क गाड़ियां रोककर ट्रैफिक बाधित कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद एसपी सिटी के निर्देश पर रामगढ़ताल पुलिस ने जांच शुरू कर दो कारों की पहचान कर ली है।


कंचन क्रांति ब्यूरो, गोरखपुर।

सोशल मीडिया पर लाइक और फॉलोअर्स बटोरने की अंधी होड़ में लोग अब कानून की धज्जियां उड़ाने से भी बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला गोरखपुर का है, जहां कुछ युवकों ने बीच सड़क पर अपनी गाड़ियां खड़ी कर दीं और उसे ही अपना शूटिंग स्टूडियो बना डाला। शनिवार को सर्किट हाउस के पास हुई इस हरकत की वजह से आम जनता को भारी जाम से जूझना पड़ा। रील का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद रामगढ़ताल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।


छह गाड़ियों से पहुंचे थे हुड़दंगी युवक

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को छह चार पहिया वाहनों में सवार होकर कुछ युवक सर्किट हाउस से कार्निवाल की तरफ जाने वाली सड़क पर पहुंचे थे। गंभीरनाथ प्रेक्षागृह के पास इन युवकों ने पहले गाड़ियों से चक्कर लगाए और फिर अचानक बीच सड़क पर ही अपनी जीप और कारें रोक दीं। इसके बाद उन्होंने रील शूट करना शुरू कर दिया, जिससे सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया।


सीसीटीवी फुटेज से दो कारों की पहचान, सख्त कार्रवाई की तैयारी

सड़क पर तमाशा करने और आम जनता को परेशान करने के बाद सभी युवक मौके से फरार हो गए। हालांकि, रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई। रामगढ़ताल पुलिस ने तुरंत घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस जांच में अब तक दो कारों की पहचान की जा चुकी है, जबकि बाकी वाहनों और युवकों की शिनाख्त की कोशिशें जारी हैं। पुलिस अब वाहन मालिकों के सत्यापन में जुट गई है।


क्या कहते हैं जिम्मेदार?

बीच सड़क पर वाहन खड़े कर आम जनता के लिए यातायात बाधित करने वालों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। कानून तोड़ने वाले इन हुड़दंगी युवकों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

निमिष पाटील, एसपी सिटी, गोरखपुर

..................................................................................................................................

गोरखपुर न्यूज़, गोरखपुर रील विवाद, बीच सड़क ट्रैफिक रोका, रामगढ़ताल पुलिस गोरखपुर, एसपी सिटी निमिष पाटील, गोरखपुर वायरल वीडियो, Gorakhpur Viral Reel Video, Gorakhpur Traffic Jam, Ramgarhtal Police Station.