यूपी के हापुड़ में एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज के अर्थशास्त्र शिक्षक पर 12वीं की छात्राओं से अश्लीलता करने और धमकी देने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ है। स्कूल प्रबंधन ने आरोपी को सस्पेंड कर जांच टीम बनाई है।


कंचन क्रांति ब्यूरो, मेरठ।

 उत्तर प्रदेश के हापुड़ नगर स्थित एक प्रतिष्ठित इंटर कॉलेज से गुरु-शिष्य के रिश्ते को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कॉलेज के एक शिक्षक पर 12वीं कक्षा की छात्राओं के साथ अश्लील बातें करने, मर्यादा लांघने और बात न मानने पर करियर बर्बाद करने के साथ-साथ जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित छात्रा की शिकायत पर हापुड़ कोतवाली पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं, कॉलेज प्रबंधन ने भी कड़ा रुख अपनाते हुए शिक्षक को सस्पेंड कर दिया है।


क्लासरूम में शिक्षक की करतूत

कोतवाली में दर्ज मुकदमे के मुताबिक, नगर के एक मोहल्ले की रहने वाली छात्रा दिल्ली रोड स्थित इस इंटर कॉलेज में कक्षा 12वीं में पढ़ती है। छात्रा का आरोप है कि कॉलेज के अर्थशास्त्र (Economics) के शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल पिछले कई दिनों से उस पर गंदी नजर रख रहे थे।

शिक्षक ने मर्यादा की सारी सीमाएं पार करते हुए छात्रा से कहा कि वह उसे पसंद करता है और उसे गले लगाना चाहता है। आरोपी ने छात्रा पर दबाव बनाते हुए यहां तक कहा कि जब वह घर पर अकेली हो, तो उसे बुलाए।


अन्य छात्राएं भी थीं परेशान

पीड़ित छात्रा ने पुलिस को बताया कि आरोपी शिक्षक क्लास के भीतर और बाहर सबके सामने ऐसी अश्लील फब्तियां कसता था। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो शिक्षक ने अपने पद का धौंस दिखाते हुए धमकी दी, जब मेरी कलम चलेगी (परीक्षा मूल्यांकन में), तो मैं तुम्हें बख्शूंगा नहीं।

हैरान करने वाली बात यह है कि इस शिक्षक से सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई अन्य छात्राएं भी प्रताड़ित थीं। शिकायत के मुताबिक, जब सात अन्य छात्राओं ने पहले इस बात का विरोध किया था, तो आरोपी ने उनके साथ गाली-गलौज की थी और शिकायत करने पर उनका करियर बर्बाद करने की धमकी दी थी।


कॉलेज ने शिक्षक के आने पर रोक लगाई

मामला तूल पकड़ते ही कॉलेज प्रबंधन तुरंत एक्शन में आ गया है। स्कूल प्रबंधन कमेटी ने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए छह सदस्यीय आंतरिक टीम का गठन किया है। प्रबंधन ने साफ किया है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक आरोपी शिक्षक डॉ. विजय कुमार मित्तल कॉलेज परिसर में कदम नहीं रख सकेंगे।


छात्रा की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की टीमें आरोपी की तलाश में जुटी हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

मनीष चौहान, थाना प्रभारी निरीक्षक, हापुड़ कोतवाली

...............................................................................................................................

Keywords - हापुड़ इंटर कॉलेज न्यूज, शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप, डॉ विजय कुमार मित्तल, हापुड़ कोतवाली पुलिस, यूपी स्कूल छेड़छाड़ मामला, Hapur School Teacher Case