रायबरेली के डलमऊ में महिला ने पति संग मिलकर प्रेमी की हत्या कर दी और शव कमरे में ही दफना दिया। बदबू आने पर पुलिस ने खुदाई कर शव निकाला। महिला हिरासत में, पति फरार।

रविशंकर सिंह, रायबरेली (यूपी)।

डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे रजऊ (मजरे मुस्तफाबाद बेलहनी) गांव में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। यहाँ एक महिला ने अपने पति के साथ मिलकर अपने प्रेमी की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद महिला उसी कमरे में शव के ऊपर चारपाई डालकर सोती रही। दो दिन बाद शव से तेज बदबू आने पर पूरे मामले का भांडाफोड़ हुआ।

पुलिस के अनुसार, रायबरेली के भदोखर थाना क्षेत्र स्थित कोरचंदामऊ निवासी राम प्रकाश पासवान (31) की शादी वर्ष 2016 में रीता पासवान (29) से हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। कुछ वर्ष पूर्व वैवाहिक विवाद के कारण रीता अपने मायके आ गई थी। यहाँ पड़ोसी अमित रायदास (26) से उसके संबंध बन गए और दोनों साथ रहने लगे। इस दौरान उनकी एक तीन वर्षीय बेटी भी हुई।

इसी बीच रीता का पति राम प्रकाश भी कभी-कभार अपनी पत्नी से मिलने आता-जाता रहता था। बीते 29 जुलाई की रात राम प्रकाश और अमित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद रीता और राम प्रकाश ने मिलकर अमित का गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य छिपाने की नीयत से दोनों ने कमरे के अंदर गड्ढा खोदा और शव को दफनाकर ऊपर से ईंट-मिट्टी भर दी।

वारदात के दो दिन बाद जब शव से दुर्गंध फैलने लगी, तो ग्रामीणों को संदेह हुआ। स्थिति बिगड़ती देख 31 जुलाई को रीता ने खुद ग्राम प्रधान अखिलेश यादव के समक्ष घटना स्वीकार कर ली। ग्राम प्रधान की सूचना पर पहुँची पुलिस ने कमरे के फर्श की खुदाई कराकर अमित का शव बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने आरोपी महिला रीता को हिरासत में ले लिया है, जबकि वारदात के बाद से पति राम प्रकाश फरार है। पुलिस ने डलमऊ थाने में हत्या का मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी (CO) डलमऊ गिरिजा शंकर त्रिपाठी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जाँच कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

..............................................................................................

Rae Bareli Crime News, Dalmau Murder Case, Husband Wife Killed Lover, Rita Paswan Murder Case, Rae Bareli News, रायबरेली मर्डर न्यूज, डलमऊ प्रेमी की हत्या, यूपी क्राइम समाचार