रायबरेली के 21 गांवों को 15 करोड़ की लागत से पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। PWD की कार्ययोजना को शासन से मंजूरी मिली। 10 हजार ग्रामीणों का आवागमन होगा आसान।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 

रायबरेली जिले के ग्रामीण अंचलों में सुगम आवागमन का रास्ता साफ हो गया है। ग्रामीण विकास योजना के तहत जिले के 21 गांवों को जल्द ही पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) की ओर से शासन को भेजी गई कार्ययोजना को हरी झंडी मिल गई है। इन सड़कों के निर्माण पर करीब 15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के लगभग 10 हजार लोगों का आवागमन सुगम हो जाएगा।

बारिश में टूट जाता था संपर्क, अब खत्म होगी समस्या

चिह्नित किए गए गांवों में अब तक सिर्फ कच्चे रास्ते या जर्जर खड़ंजे ही थे। 250 से 400 तक की आबादी वाले इन गांवों के निवासियों को रोजाना आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। सबसे ज्यादा बदतर स्थिति बरसात के मौसम में होती थी, जब ये रास्ते कीचड़ और पानी से भर जाते थे और गांव तक चार पहिया वाहन पहुंचना भी नामुमकिन हो जाता था।

सदर, सलोन और ऊंचाहार के ये गांव होंगे लाभान्वित

कार्ययोजना के तहत विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के गांवों का चयन किया गया है:

सदर विधानसभा क्षेत्र: पूरे महादेवन, पूरे मखिनिया, पूरे बनिया का पुरवा, पूरे टॉय से भदोखर तथा पूरे गड़रियन।

सलोन क्षेत्र: रोखा से पूरे देवोदान, लोनार से पूरे शिवगुलाम एवं लखनपुर से नूरुद्दीनपुर।

 ऊंचाहार क्षेत्र: जगतपुर-खरौली गंगा घाट होते हुए पूरे निदान, पूरे कलंदर, मुसारमऊ तथा रूहलपुर से गोंड़िया ताली समेत अन्य गांव शामिल हैं।

 

जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया

ग्रामीणों को पक्की सड़क की सुविधा देने के लिए भेजी गई कार्ययोजना को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही सड़कों का निर्माण कार्य तेजी से शुरू कराया जाएगा।

- सुनील दत्त, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण खंड-प्रथम, रायबरेली

 

ग्रामीणों ने जताई खुशी

गांवों को पक्की सड़क से जोड़ने की खबर से ग्रामीणों में खुशी की लहर है। पूरे महादेवन गांव के रामशंकर व विनय रावत और रोखा निवासी विकास साहू का कहना है कि अब तक गांव पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ती थी। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों और मरीजों को अस्पताल ले जाने में होती थी। पक्की सड़क बन जाने से सालों पुरानी समस्या का समाधान हो जाएगा।

...........................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822