रायबरेली पुलिस और साइबर सेल ने फर्जी फर्म और बैंक खाते खोलकर साइबर ठगी का लेनदेन करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया। इंदौर, रायबरेली और बांदा के 8 आरोपी गिरफ्तार।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

कोतवाली नगर और साइबर क्राइम पुलिस की संयुक्त टीम ने फर्जी दस्तावेज, फर्म और बैंक खातों के जरिए साइबर ठगी की रकम का लेनदेन करने वाले एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के 8 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 आरोपी मध्य प्रदेश के इंदौर, 3 रायबरेली और 1 बांदा जिले का रहने वाला है। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, बैंक चेकबुक, एटीएम कार्ड और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए हैं।

 पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने राजघाट मोड़ के पास से इन सभी आरोपियों को दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आनंद मिश्रा (कतरा, बांदा), प्रभाकर श्रीवास्तव (रायबरेली), सईद मो. आजम (अली नगर, रायबरेली), मो. अकरम (सत्य नगर, रायबरेली), और मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी आकाश गौड़, जाती सेन, बबलू हर्वे व सुरेंद्र सिंह के रूप में हुई है।


जिम की आड़ में नेटवर्क की आशंका

पुलिस जांच में सामने आया है कि रायबरेली के सत्य नगर निवासी आरोपी मो. अकरम एक जिम संचालित करता है। पुलिस अब उसके जिम की भी गहन तलाशी ले रही है और वहां आने-जाने वाले लोगों की कुंडली खंगाली जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि जिम के जरिए भी मासूम लोगों को झांसे में लेकर उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग किया जाता था। पुलिस जल्द ही इस बिंदु पर बड़ा खुलासा कर सकती है।

ऐसे अंजाम देते थे ठगी

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे आम लोगों के नाम पर फर्जी फर्म पंजीकृत कराते थे। इसके बाद उन फर्मों के आधार पर जीएसटी (GST) पंजीकरण और विभिन्न बैंकों में चालू खाते खुलवाए जाते थे। देशभर में साइबर ठगी से उड़ाई गई रकम को सबसे पहले इन फर्जी खातों में ट्रांसफर कराया जाता था। इसके बाद पैसों को कई अलग-अलग खातों में घुमाकर अंत में एटीएम (ATM) के जरिए निकाल लिया जाता था और गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे।

 

..........................................................................................

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822