रायबरेली के डलमऊ पंप कैनाल पर ₹7 करोड़ की लागत से 4 नए पुलों का निर्माण व एक का विस्तार होगा। निर्माण के चलते 7 सितंबर से 15 अक्टूबर (38 दिन) तक नहर का पानी बंद रहेगा।

 

 रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 

रायबरेली जिले के डलमऊ क्षेत्रवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। डलमऊ पंप कैनाल नहर पर स्थित आठ साल पुराने जर्जर पुलों की समस्या से अब जल्द ही छुटकारा मिलने वाला है। सिंचाई विभाग नहर पर स्थित चार बदहाल पुलों की जगह नए पुलों का निर्माण कराने जा रहा है, जबकि एक अन्य पुल का चौड़ीकरण व विस्तार किया जाएगा।

 सात करोड़ की लागत से सुधरेगी 50 हजार आबादी की राह

 इन सभी पुलों के निर्माण और विस्तार कार्य पर लगभग सात करोड़ रुपये की लागत आएगी। पुल बन जाने से क्षेत्र के लगभग 50 हजार लोगों को आवागमन में सीधी सहूलियत मिलेगी।

 डलमऊ पंप कैनाल नहर में दीनगंज और उधनपुर गांव के समीप स्थित एक-एक पुल लंबे समय से बदहाल स्थिति में हैं। वहीं, बरई गांव के पास स्थित दो पुल अत्यंत जर्जर हो चुके हैं। कहीं रेलिंग टूटी पड़ी है, तो कहीं पुल की छत की गर्डर-स्लैब पूरी तरह क्षतिग्रस्त है। स्थानीय ग्रामीण रामसिंह यादव, मदन तिवारी और आशुतोष चौधरी ने बताया कि पुलों की जर्जर हालत के कारण गांव तक भारी वाहनों और एंबुलेंस का पहुंचना बेहद मुश्किल हो गया था।

 

7 सितंबर से 15 अक्टूबर तक बंद रहेगा नहर का पानी

 

पुलों के निर्माण कार्य को सुचारू रूप से चलाने के लिए नहर में पानी का प्रवाह रोका जाएगा। सिंचाई खंड (दक्षिणी) के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार मौर्य ने बताया कि क्षेत्र में अत्यधिक बारिश के चलते वर्तमान में किसानों को फसलों की सिंचाई के लिए नहर के पानी की आवश्यकता नहीं है। सूखी नहर में ही निर्माण कार्य तेजी से संभव है। इसके चलते 7 सितंबर से 15 अक्टूबर (कुल 38 दिन) तक डलमऊ पंप कैनाल का पानी बंद रखा जाएगा।


सहायक अभियंता चेतन सक्सेना ने पुष्टि की कि तय समयावधि के भीतर चारों नए पुलों का निर्माण और पांचवें पुल का विस्तार कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा कर लिया जाएगा।


.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822