रायबरेली के हरचंदपुर स्थित चौपुरा गांव में संपत्ति विवाद को लेकर बड़े भाई अनूप ने छोटे भाई रवि चौधरी की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

 

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

 

जनपद के हरचंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चौपुरा गांव में संपत्ति विवाद और आपसी रंजिश के कारण छोटे भाई की हत्या करने वाले बड़े भाई को पुलिस ने बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

 

स्कूल बस परिचालक और ठेला लगाकर चलाता था गृहस्थी

 

मृतक की पहचान चौपुरा गांव निवासी 31 वर्षीय रवि चौधरी के रूप में हुई है। रवि एक निजी स्कूल में बस परिचालक (कंडक्टर) के पद पर कार्यरत थे और दोपहर में स्कूल से छुट्टी मिलने के बाद अपना व परिवार का खर्चा चलाने के लिए चाट का ठेला भी लगाते थे।

 

रास्ते में घेरकर ईंट से कूचकर की हत्या

 

घटना बुधवार सुबह करीब 7:00 बजे की है, जब रवि अपनी बाइक से ड्यूटी पर जा रहे थे। रास्ते में उनके बड़े भाई अनूप चौधरी ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले कि रवि कुछ समझ पाते, आरोपी अनूप ने ईंट से हमला कर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई।

 

पूछताछ में कबूला जुर्म

 

पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद आरोपी अनूप चौधरी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि घर में उसे खाना नहीं दिया जाता था और संपत्ति में उसका हिस्सा भी नहीं बांटा जा रहा था। इस बंटवारे में छोटा भाई रवि रोड़ा बन रहा था, इसलिए उसने गुस्से में आकर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, पूछताछ में आरोपी ने रवि की हत्या पर अफसोस भी जताया और कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई, उसे ऐसा नहीं करना चाहिए था।

 

मां के आंसुओं से सहमा गांव

 

बेटे की मौत और दूसरे बेटे के हत्यारा बनने से मां रामलक्ष्मी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मां की तहरीर के आधार पर हरचंदपुर पुलिस ने आरोपी अनूप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।

 

हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह सूचना मिली थी कि आरोपी अनूप गांव के आसपास ही छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया है।


.............................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822