रायबरेली के बछरावां में पुराना गांव निवासी किसान भगवानदीन यादव की नाली विवाद में सरिया से पीटकर हत्या। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सीएचसी में परिजनों का हंगामा। पूरी खबर पढ़ें।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के पुराना गांव में मंगलवार की रात मामूली नाली विवाद को लेकर किसान भगवानदीन यादव (50) की लाठी-डंडों और सरिया से पीटकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बछरावां में जमकर हंगामा किया। आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। देर रात तक चले विरोध प्रदर्शन के बीच पुलिस ने निष्पक्ष जांच और जल्द कार्रवाई का भरोसा देकर किसी तरह मामले को शांत कराया।

 नाली के पानी को लेकर हुआ था विवाद:

पुराना गांव निवासी भगवानदीन यादव (रामसेवक के पुत्र) और उनके पड़ोसियों के खेत आसपास ही हैं। खेतों में पानी पहुंचाने के लिए एक ही नाली है, जिसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने भगवानदीन पर हमला बोल दिया, जिससे उनके सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। परिजनों और आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सीएचसी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर भावेश यादव ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल में नाते-रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई 

पोस्टमार्टम रोकने के लिए किया हंगामा:

शव मिलने के बाद आक्रोशित परिजनों ने पुलिस को शव पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से रोक दिया। पिता रामसेवक ने आरोप लगाया कि उनके बेटे की बेरहमी से हत्या की गई है और जब तक मुख्य आरोपी गिरफ्तार नहीं होते, वे शव को आगे नहीं जाने देंगे। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।

 सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि नाली विवाद के चलते किसान की हत्या का मामला सामने आया है। परिजनों को समझा-बुझाकर शांत करा दिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

..........................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822।