रायबरेली में बारिश के बाद बिजली व्यवस्था ठप। 150 गांवों में 8 घंटे तक बिजली गुल रहने से पेयजल संकट पैदा हुआ। मेंटेनेंस के दावों के बावजूद शहर में ट्रिपिंग जारी।
रविशंकर सिंह, रायबरेली।
रायबरेली जिले में हुई मूसलाधार बारिश ने पावर कॉर्पोरेशन के दावों की पोल खोलकर रख दी है। बारिश के कारण जमुनापुर और ऊंचाहार उपकेंद्र क्षेत्र की बिजली व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई, जिससे 150 से अधिक गांवों में करीब आठ घंटे तक अंधेरा छाया रहा। बिजली आपूर्ति ठप होने से ग्रामीणों को भीषण पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। शहर में भी बार-बार हो रही ट्रिपिंग से लोग बेहाल रहे।
हैरानी की बात यह है कि हाल ही में मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर विभाग ने पांच दिनों तक व्यापक स्तर पर अनुरक्षण (मेंटेनेंस) कार्य कराने का दावा किया था। बावजूद इसके, पहली ही बारिश में बिजली का ढांचा चरमरा गया।
पेड़ों की डालें गिरने और इंसुलेटर खराब होने से आई रुकावट
सोमवार रात से शुरू हुई बारिश के दौरान कई स्थानों पर हाईटेंशन लाइनों के तार टूट गए और कई जगह इंसुलेटर उड़ गए। तेज हवाओं के चलते तारों पर पेड़ों की डालें गिर जाने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। जमुनापुर और ऊंचाहार उपकेंद्र से जुड़े ईश्वरदासपुर, बहेरपुर, सरायंभान, गौकना, शहरजादपुर, कोटिया चित्रा, मखदूमपुर, सैदलीपुर, किसुनदासपुर, रामचंद्रपुर, रामसांडा, दौलतपुर, नजनपुर, पुनशाहपुर, अरखा, केंदराबांवा, कल्यानी, हरबंधपुर, बहेरवा, अकौड़िया, खरौली सहित 150 गांवों में सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक (आठ घंटे) बिजली गुल रही। इसके अलावा छतोह, सलोन, लालगंज, महाराजगंज और शिवगढ़ उपकेंद्रों के क्षेत्रों में भी बिजली की आवाजाही बनी रही।
साकेत नगर में धू-धू कर जली केबल, अफरातफरी
शहर के जेल रोड स्थित साकेत नगर मोहल्ले में सोमवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एलटी (लो-टेंशन) केबल में शॉर्ट सर्किट के बाद भीषण स्पार्किंग होने लगी। केबल धू-धू कर जलने लगी और उससे चिंगारियां निकलने लगीं। स्थानीय निवासियों की सूचना पर उपकेंद्र से बिजली बंद कराई गई। उपखंड अधिकारी सौरभ जायसवाल ने बताया कि कर्मचारियों को भेजकर जली हुई केबल को रात में ही दुरुस्त करा दिया गया था, जिसके बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।
बारिश और तेज हवाओं के कारण एहतियातन व तकनीकी खराबी आने से कुछ क्षेत्रों में आपूर्ति बाधित हुई थी। कर्मचारियों को लगाकर खराबी को दुरुस्त करा दिया गया है और आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।
- रविचंद्र श्रीवास्तव, मुख्य अभियंता, बिजली विभाग
...........................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822