रायबरेली में रतापुर से गल्ला मंडी जाने वाली सड़क पानी और बड़े-बड़े गड्ढों के कारण 'मौत का तालाब' बन चुकी है। बदहाल सड़क और स्थानीय लोगों के गुस्से पर आधारित विशेष रिपोर्ट।

रविशंकर सिंह, रायबरेली।

उत्तर प्रदेश की राजनीति में रायबरेली जनपद एक बेहद अहम स्थान रखता है। मौजूदा समय में इस जिले से बीजेपी सरकार में दो-दो कैबिनेट मंत्री शामिल हैं—स्वतंत्र प्रभार मंत्री दिनेश प्रताप सिंह और खाद्य एवं रसद विभाग के कैबिनेट मंत्री मनोज कुमार पांडेय (ऊंचाहार विधायक)। सरकार भले ही विकास के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन ज़मीनी हक़ीक़त इन दावों की पोल खोलती नज़र आ रही है।

रायबरेली के रतापुर चौराहे से गल्ला मंडी जाने वाली मुख्य सड़क की स्थिति बेहद दयनीय हो चुकी है। सड़क पूरी तरह से गड्ढों में तब्दील हो चुकी है और जलभराव के कारण यह किसी 'मौत का तालाब' जैसी नजर आती है। स्थिति यह है कि राहगीरों को यह अंदाज़ लगाना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहाँ है और गड्ढा कहाँ। इस रास्ते से रोज़ाना गुजरने वाले आम नागरिकों, व्यापारियों और कर्मचारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

 फल व्यापारी रमेश सोनकर, मान सोनकर, गुड्डू सोनकर, राहुल सोनकर समेत अमरावती, सुशीला और कमला सोनकर ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि इस गड्ढयूक्त सड़क पर आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं और गंभीर हालत में जिला अस्पताल की इमरजेंसी तक पहुँच रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि न तो नगर पालिका परिषद के ईओ स्वर्ण सिंह और न ही लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों पर इस बदहाली का कोई असर पड़ रहा है।

जनता और व्यापारियों का कहना है कि दोनों मंत्री और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर पूरी तरह चुप्पी साधे हुए हैं और जनता को सिर्फ कागजी विकास के झांसे में रखा जा रहा है। जनता ने चेतावनी दी है कि आगामी विधानसभा चुनाव में विकास के इन खोखले दावों का जवाब जनता अपने मताधिकार से देगी।

...........................................................................................................

 शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822