रायबरेली के ऊंचाहार में रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर दुकान जा रहे ईंट-भट्ठा श्रमिक नन्हू (50) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। इलाज के दौरान मौत, चालक पुलिस हिरासत में।
कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली।
रायबरेली जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों से अफरा-तफरी मच गई। एक तरफ जहां रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एक ईंट-भट्ठा श्रमिक की जान चली गई, वहीं दूसरी तरफ परशदेपुर-रायबरेली मार्ग पर बाइक को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर गहरे गड्ढे में जा गिरी। इन हादसों में एक परिवार में जहां मातम पसर गया है, वहीं दूसरे हादसे में बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
ऊंचाहार में बाइक की टक्कर से श्रमिक की मौत
ऊंचाहार थाना क्षेत्र के सलोनपुर गांव में बृहस्पतिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायबरेली-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर दुकान से सामान लेने जा रहे एक ईंट-भट्ठा श्रमिक को तेज रफ्तार अनियंत्रित बाइक सवार ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल श्रमिक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।
दुकान जा रहे थे श्रमिक, तेज टक्कर से सिर में आई गंभीर चोट
मृतक की पहचान सलोनपुर गांव निवासी नन्हू (50 वर्ष), पुत्र रामसेवक के रूप में हुई है। नन्हू कोटवा बहादुरगंज स्थित एक ईंट-भट्ठे पर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बृहस्पतिवार सुबह वह घर के सामने से गुजरे रायबरेली-प्रयागराज हाईवे पर पैदल ही एक दुकान से सामान लेने जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नन्हू सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे मौके पर ही अचेत हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से परिजन उन्हें तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्रमिक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बाइक सवार को दबोचा, पुलिस के हवाले किया
घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रहे बाइक सवार को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना देकर उसके हवाले कर दिया।
मामले पर ऊंचाहार के प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश राय ने बताया कि आरोपी बाइक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ब्रेक लगाते ही नाले के पास पलटी कार
परशदेपुर-रायबरेली मार्ग पर किरही नाले के समीप बृहस्पतिवार को एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसा बाइक सवार को बचाने के प्रयास में हुआ। गनीमत रही कि कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए, जबकि बाइक सवार युवक को मामूली चोटें आई हैं।
ससुर का इलाज कराने जा रहे थे कार सवार
जानकारी के अनुसार, शहर कोतवाली क्षेत्र के गौराबाजार निवासी अमरेश अपने ससुर अमरार का इलाज कराने के लिए कार से परशदेपुर स्थिति एक निजी अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार परशदेपुर-रायबरेली रोड पर किरही नाले के पास पहुंची, तभी उदयपुर गांव की ओर से अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया।
अचानक ब्रेक लगाने से अनियंत्रित हुई कार
अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के लिए कार चालक अमरेश ने तेजी से ब्रेक लगाई, जिससे कार अनियंत्रित हो गई। कार बाइक से टकराते हुए सड़क किनारे गहरे गड्ढे में उतर गई। हादसे में बाइक सवार शिवापुर निवासी सोनू घायल हो गया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। दुर्घटना में कार सवार दोनों लोग सुरक्षित हैं।
रिपोर्ट रविशंकर सिंह
.............................................................................................................
शिकायत, सुझाव और सूचना के लिए संपर्क करें।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822