रायबरेली के सलोन में दुष्कर्म के प्रयास से क्षुब्ध 13 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर खुदकुशी की। पुलिस पर लापरवाही का आरोप, आरोपी गिरफ्तार।
कंचन क्रांति रिपोर्टर, रायबरेली।
सलोन कोतवाली क्षेत्र में पुलिस की कथित लापरवाही के कारण एक 13 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। शौच के लिए खेत गई किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास की शिकायत के बावजूद पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई न किए जाने से क्षुब्ध होकर किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

पीड़िता की मां के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी बेटी नित्यकर्म के लिए खेत गई थी। आरोप है कि गांव के ही युधिष्ठिर उर्फ डिजिटल ने उसे पीछे से दबोच लिया और जबरन एक खाली मकान में खींचकर दुष्कर्म का प्रयास किया। शोर मचाने पर ग्रामीणों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां का आरोप है कि दोपहर 2 बजे करहिया चौकी पुलिस को मामले की तहरीर दी गई, लेकिन देर शाम तक न तो कोई पुलिसकर्मी जांच करने पहुंचा और न ही मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस की इस बेरुखी से आहत होकर शाम करीब 6 बजे किशोरी ने घर की छत के कुंडे से रस्सी के सहारे फांसी लगा ली। घटना के वक्त माता-पिता घर पर मौजूद नहीं थे।
उधर, कोतवाली प्रभारी संदीप कुमार राय ने पुलिस पर लगे लापरवाही के आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा था। उन्होंने कहा कि मां और बेटी कोतवाली आए थे, जहाँ कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद वे लौट गईं। मां की तहरीर के आधार पर आरोपी युधिष्ठिर उर्फ डिजिटल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
........................................................................................................
रायबरेली समाचार, सलोन पुलिस, दुष्कर्म प्रयास, किशोरी खुदकुशी, रायबरेली क्राइम, Raebareli News, Salon Raebareli Suicide, Crime News Raebareli
