MoSPI की रिपोर्ट का हवाला देते हुए यूपी कांग्रेस की नेता आराधना मिश्रा 'मोना' ने भाजपा सरकार पर बोला हमला। उन्होंने कहा कि 108% प्याज़ और खाद्य महँगाई से त्योहारों पर आम जनता के बजट का दिवाला निकल रहा है।

कंचन क्रांति न्यूज | रायबरेली/लखनऊ।

 उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की वरिष्ठ नेता और विधायिका आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने केंद्र व राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बेकाबू महँगाई ने देश और उत्तर प्रदेश के आम परिवारों के घरेलू बजट पर गंभीर वार किया है। रसोई में इस्तेमाल होने वाली आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही अप्रत्याशित वृद्धि से गरीब, मध्यमवर्गीय परिवारों, किसानों, मज़दूरों और नौकरीपेशा लोगों का जीना दूभर हो गया है।

आराधना मिश्रा ने कहा, आगामी दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख त्योहारों पर महँगाई के कारण आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ने वाला है। जब भोजन, शिक्षा, परिवहन और घरेलू ज़रूरतों का ख़र्च लगातार बढ़ रहा है, तो जनता के सामने संकट है कि वे परिवार कैसे चलाएँ?

MoSPI रिपोर्ट का दिया हवाला: प्याज़ 108% से अधिक महँगा

केंद्रीय सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI) की नवीनतम उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI) रिपोर्ट का हवाला देते हुए कांग्रेस नेत्री ने कहा कि आँकड़े खुद सरकार की विफलता की गवाही दे रहे हैं। उन्हों बताया कि देश में खुदरा महँगाई दर 5.54 प्रतिशत जबकि खाद्य महँगाई दर 7.74 प्रतिशत (ग्रामीण क्षेत्रों में 8.06 प्रतिशत) है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में खुदरा महँगाई दर 6.08 प्रतिशत है, जो राष्ट्रीय औसत से 0.54% अधिक है।

ग्रामीण यूपी और मध्यमवर्ग पर दोहरा दबाव

आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिवारों को घरेलू ख़र्च के साथ-साथ खेती की लागत (खाद, बीज, डीज़ल, बिजली) और बच्चों की पढ़ाई पर भारी राशि ख़र्च करनी पड़ रही है। किसानों, खेतिहर मज़दूरों, दिहाड़ी श्रमिकों और असंगठित क्षेत्र के कर्मचारियों की सीमित आय के बीच ज़रूरी सामानों के दाम बढ़ना बेहद गंभीर समस्या है।

सरकार से पूछे सवाल और मुख्य माँग

कांग्रेस पार्टी ने सरकार से स्पष्ट जवाब माँगते हुए आवश्यक खाद्य पदार्थों की आपूर्ति और बाज़ार में कीमतों की नियमित ट्रैकिंग कराने की मांग की। उन्होंने कालाबाज़ारी और अवैध जमाखोरी करने वालों के ख़िलाफ़ कड़ा एक्शन, किसानों को उनकी उपज का उचित दाम दिलाने और महँगाई से बुरी तरह प्रभावित गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों को तुरंत आर्थिक व सामाजिक राहत देने की मांग की। अंत में आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने स्पष्ट किया कि, महँगाई का सवाल हर घर की थाली, हर परिवार की बचत और हर नागरिक के सम्मानजनक जीवन से जुड़ा है। जनता को महँगाई पर केवल भाषण नहीं, बल्कि ठोस राहत चाहिए। भाजपा सरकार को इस आर्थिक बदहाली का जवाब देना ही होगा।

रिपोर्ट रविशंकर सिंह

.................................................................................................

सुझाव, शिकायत और सूचना के लिए संपर्क करें

Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142

Email - info@kanchankranti.com

M.N. 8987259822