कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग ने लखनऊ में प्रेसवार्ता कर यूपी की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। गोंडा, मथुरा और अयोध्या में पिछड़ों की हत्याओं पर सरकार को घेरते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

कंचन क्रांति न्यूज, रायबरेली/लखनऊ।

उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था और पिछड़ा वर्ग की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस पार्टी ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय में आयोजित एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन डॉ. अनिल जयहिन्द ने कहा कि आज प्रदेश में पिछड़े, अतिपिछड़े और वंचित समाज में असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है। सरकार जीरो टॉलरेंस और अपराधियों के घरों पर बुलडोजर चलाने के दावे करती है, लेकिन सच्चाई इसके बिल्कुल विपरीत है।उन्होंने आरोप लगाया कि गोंडा में निषाद समुदाय के एक व्यक्ति की सिर्फ सोशल मीडिया पर कुछ बातें लिखने को लेकर दबंगों द्वारा हत्या कर दी गई। मथुरा में निषाद समाज के व्यक्ति को इतना पीटा गया कि वह अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है। हद तो तब हो गई जब घायलावस्था में अस्पताल ले जाने पर वहां भी उन पर हमला किया गया। इसी तरह अयोध्या में मौर्य समाज के एक युवक की सुनियोजित तरीके से हत्या कर दी गई।

   उ.प्र. कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के चेयरमैन मनोज यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि किसी घटना में दलित या ओबीसी समाज का व्यक्ति शामिल हो, तो तुरंत बुलडोजर चल जाता है, लेकिन दबंगों द्वारा की जा रही इन हत्याओं पर कोई कार्रवाई नहीं होती और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इन हत्याओं पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो पिछड़ा वर्ग विभाग बड़ा आंदोलन करेगा। साथ ही, उन्होंने कहा कि सरकार में ओबीसी समाज के मंत्री केवल सड़कों पर धरना दे रहे हैं लेकिन पिछड़े समाज की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं।

 पूर्व मंत्री हीरा ठाकुर ने कहा कि देश में सिर्फ राहुल गांधी भ्रष्टाचार और अन्याय के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। जातिगत जनगणना को लेकर सरकार सही कदम नहीं उठा रही है और सत्ता में बैठे मौर्य, निषाद व राजभर समाज के मंत्री केवल आरएसएस के पेटेंट लोग हैं, जो ओबीसी के सवालों से भाग रहे हैं।

 सांसद राकेश राठौर ने कहा कि वंचित और पिछड़े समाज के साथ हो रहे अन्याय को रोकने में सरकार नाकाम साबित हो रही है, यहाँ तक कि कैबिनेट मंत्री को भी सड़क पर धरने पर बैठना पड़ रहा है जिससे साफ है कि सरकार का इकबाल खत्म हो चुका है। पिछड़ा वर्ग विभाग के प्रदेश सचिव अशोक निषाद ने भी गोंडा में विनोद साहनी की हत्या का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस सरकार में निषाद समाज का भला नहीं हो सकता।

प्रेसवार्ता के दौरान प्रदेश कांग्रेस की मीडिया विभाग की वाइस चेयरमैन प्रियंका गुप्ता, प्रवक्ता डॉ. उमाशंकर पाण्डेय, अंशू अवस्थी, जितेन्द्र पटेल, सुनील वर्मा समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे।

रिपोर्ट रविशंकर सिंह