आगरा के डौकी क्षेत्र में पति से विवाद के बाद तंग आकर यमुना में कूदी महिला को ऐन मौके पर बच्चों का ख्याल आया और वह तैरकर दूसरे किनारे सुरक्षित निकल आई। पढ़ें पूरी खबर।
फतेहाबाद । आगरा जिले के डौकी थाना क्षेत्र स्थित नूरपुर गांव में पारिवारिक विवाद के चलते एक दर्दनाक मोड़ आते-आते रह गया। गृह क्लेश से क्षुब्ध होकर 35 वर्षीय नर्मदा देवी ने बुधवार सुबह यमुना नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, पानी के तेज बहाव के बीच जैसे ही उसे अपने मासूम बच्चों का ख्याल आया, उसने जीवन की उम्मीद नहीं छोड़ी और अपनी तैराकी के दम पर नदी के दूसरे किनारे पर सुरक्षित पहुंच गई।
नूरपुर गांव के निवासी सूरजभान और उनकी पत्नी नर्मदा के बीच बुधवार सुबह किसी बात को लेकर तीखा झगड़ा हो गया था। विवाद से आहत होकर नर्मदा अपनी सात साल की बेटी शैली को साथ लेकर यमुना किनारे खेतों की ओर चली गई। वहां उसने अपनी मासूम बेटी को किनारे पर ही छोड़ दिया और खुद यमुना के गहरे पानी में छलांग लगा दी।
यमुना के तेज बहाव में बहते समय नर्मदा को अचानक अपने पांचों बच्चों का ध्यान आया। बच्चों के भविष्य और उनके बिना रहने की कल्पना से वह घबरा गई और उसने मरने का इरादा तुरंत त्याग दिया। सौभाग्य से नर्मदा को तैरना आता था। उसने हिम्मत नहीं हारी और अपनी पूरी ताकत से तैरते हुए यमुना के दूसरे छोर पर स्थित गांव 'गढ़ी चंदन' के किनारे पहुंच गई।
गढ़ी चंदन गांव में बदहवास हालत में घूमती महिला को देखकर स्थानीय ग्रामीणों ने उससे पूछताछ की। नर्मदा ने आपबीती सुनाई, जिसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
उधर, नदी किनारे अकेली रह गई सात वर्षीय शैली जब रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई, तो हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण तुरंत यमुना किनारे पहुंचे और डौकी पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ पीएसी की फ्लड यूनिट को भी मौके पर बुला लिया।
करीब पांच घंटे तक गोताखोर और पुलिस टीम नदी में महिला की तलाश करते रहे। शाम लगभग 4:30 बजे गढ़ी चंदन गांव के ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस को नर्मदा के सुरक्षित होने की जानकारी मिली।
डौकी थानाध्यक्ष सुनीत शर्मा ने बताया कि महिला को सुरक्षित गढ़ी चंदन गांव से लाकर थाने पर लाया गया। पूछताछ में महिला ने खुद स्वीकार किया कि पति से विवाद के बाद उसने यह आत्मघाती कदम उठाया था, लेकिन बहते समय बच्चों की याद आते ही उसने तैरकर अपनी जान बचा ली। आवश्यक कागजी कार्रवाई और काउंसलिंग के बाद महिला को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
Office - Kanchanwani Media Network, Gayatri Colony, Opp. - Shivay Guest House, Dabour Gram, Jasidih, Deoghar, Jharkhand - 814142
Email - info@kanchankranti.com
M.N. 8987259822
